Sunday 4 November 2018

Current affairs 01-11-2018

Current affairs 01-11-2018

1. किस नोबल पुरस्कार विजेता को हार्वर्ड विश्वविद्यालय द्वारा लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित किया जायेगा?

उत्तर – मलाला यूसुफ़जई
नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफ़जई को हार्वर्ड विश्वविद्यालय द्वारा लड़कियों को शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित किया जायेगा। उन्हें 6 दिसम्बर को एक कार्यक्रम के दौरान ग्लीट्समैन अवार्ड से सम्मानित किया जायेगा। वर्त्तमान में मलाला यूसुफ़ज़ई ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय की छात्रा हैं। ग्लीट्समैन अवार्ड के तहत विश्व में जीवन की गुणवत्ता को बेहतर करने के लिए 1,25,000 डॉलर की राशी इनामस्वरुप प्रदान की जाती है। मलाला नोबेल शांति पुरस्कार जीतने वाली सबसे युवा विजेता हैं, उन्हें 2014 में शांति में नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था।

2. हाल ही में यशवंत देव का निधन हुआ, वे किस क्षेत्र से सम्बंधित थे?

उत्तर – संगीत
यशवंत देव का हाल ही में निधन हुआ, वे मराठी संगीतकार थे। उन्होंने कई फिल्मों के लिए संगीत दिया। उनका जन्म 1 नवम्बर, 1926 को हुआ था। यशवंत देव मराठी संगीत के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित व्यक्ति थे। उन्होंने मराठी फिल्मों के लिए 40 से अधिक वर्षों तक संगीत की रचना की। उन्होंने आल इंडिया रेडियो में सितार वादक के रूप में भी कार्य किया। उन्हें लता मंगेशकर अवार्ड से सम्मानित किया गया था। उन्हें “भाव गीत” की रचना के लिए जाना जाता है। इसके अतिरिक्त उन्होंने भक्ति संगीत पर कई पुस्तकों की रचना भी की है।

3. बॉम्बे उच्च न्यायालय का नया मुख्य न्यायाधीश किसे नियुक्त किया गया?

उत्तर – जस्टिस नरेश हरिश्चंद्र पाटिल
जस्टिस हरिश्चंद्र पाटिल को बॉम्बे उच्च न्यायालय का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उन्हें महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने शपथ दिलाई। बॉम्बे उच्च न्यायालय देश के सबसे पुराने उच्च न्यायालयों में से एक है, इसकी मुख्य सीट मुंबई में है। इसका क्षेत्राधिकार महाराष्ट्र, गोवा, दमन व दिउ तथा दादरा व नगर हवेली में है।

4. विश्व के सबसे बड़े “अंडर वन रूफ” एअरपोर्ट का उद्घाटन किस शहर में किया गया?

उत्तर – इस्तांबुल
विश्व के सबसे बड़े एअरपोर्ट टर्मिनल “अंडर वन रूफ” का अधिकारिक उद्घाटन 29 अक्टूबर को इस्तांबुल में किया गया, 29 अक्टूबर को तुर्की का गणतंत्र दिवस मनाया जाता है। यह इस्तांबुल एअरपोर्ट प्रोजेक्ट का फेज-1A है। पहले फेज के निर्माण में 7.5 अरब यूरो की लागत आई है। अगले 10 वर्षों में इस एअरपोर्ट के चारों फेज पूरे हो जायेंगे, उस स्थिति में इस एअरपोर्ट की क्षमता 200 मिलियन यात्रियों की होगी। इस अन्य टर्मिनल में 77 बोर्डिंग गेट तथा 143 एरो-ब्रिज हैं। यह एअरपोर्ट काले सागर के तट के निकट इस्तांबुल में स्थित है। इसमें दो रनवे है, इस टर्मिनल में एक साथ 114 छोटे विमान डॉक किये जा सकते हैं।

5. भारत की पहली “जस्टिस सिटी” की स्थापना किस शहर में की जाएगी?

उत्तर – अमरावती
आंध्र प्रदेश सरकार भारत की पहली “जस्टिस सिटी” (न्याय नगर) का निर्माण नयी राजधानी अमरावती में किया जा रहा है। इस जस्टिस सिटी में राज्य की न्यायपालिका के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है। इस जस्टिस सिटी में एकीकृत न्यायिक हब 3,309 एकड़ में फैला हुआ होगा। इससे 1.3 लाख लोगों को रोज़गार प्राप्त होगा। अमरावती के विकास का कार्य आंध्र प्रदेश राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है।

6. हाल ही में पत्रकार व मार्शल आर्ट्स उपन्यासकार लुइस चा का निधन हुआ, वे किस देश से सम्बंधित थे?

उत्तर – हांगकांग
लुइस चा जिंग योंग हांगकांग के पत्रकार तथा मार्शल आर्ट्स उपन्यासकार थे, उनका निधन हांगकांग में 94 वर्ष की आयु में 30 अक्टूबर, 2018 को हुआ। उनके पुस्तक “द बुक एंड द सोर्ड” का प्रकाशन 1955 में हुआ था, यह पुस्तक काफी लोकप्रिय हुई थी। उन्होंने मार्शल आर्ट्स पर 14 उपन्यासों की रचना “जिन योंग” नामक उपनाम के तहत की। उनकी पुस्तकों को अंग्रेजी, फ़्रांसिसी, कोरियाई, जापानी, विएतनामी, थाई, बर्मीज़, मलय तथा इन्डोनेशियाई जैसी भाषाओँ में अनुदित किया गया है।

7. राष्ट्रीय एकता दिवस कब मनाया जाता है?

उत्तर – 31 अक्टूबर
भारत में 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है, 31 अक्टूबर को महान स्वतंत्रता सेनानी तथा देश को एकजुट करने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्म दिवस है। देश के एकीकरण में उनके योगदान के लिए 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
राष्ट्रीय एकता दिवस की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2014 को की गयी थी, इसका उद्देश्य सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनके योगदान के लिए उन्हें सम्मान देना है। स्वतंत्रता के बाद 550 से अधिक देशी रियासतों के एकीकरण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण थी। हैदराबाद को भारत में शामिल करने में उनकी भूमिका काफी अहम थी। उन्हें भारत का लौह पुरुष तथा भारत का बिस्मार्क भी कहा जाता है। राष्ट्रीय एकता दिवस पर “रन फॉर यूनिटी” नामक मैराथन का आयोजन भी किया जाता है।

8. गांधीवादी विचारधारा तथा स्वच्छता सेमीनार का आयोजन हाल ही में महाराष्ट्र के किस स्थान पर किया गया?

उत्तर – वर्धा
केन्द्रीय पेयजल तथा स्वच्छता मंत्रालय ने भारत को 2019-20 तक देश को “स्वच्छ भारत” बनाने के लिए गांधीवादी विचारधारा तथा स्वच्छता पर सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मलेन का आयोजन महाराष्ट्र के वर्धा जिले में किया गया, इस सम्मेलन में स्वच्छता भारत अभियान के तहत स्वच्छता के क्षेत्र में प्राप्त उपलब्धियों पर फोकस किया गया। इस सम्मेलन में चर्चा के मुख्य बिंदु ग्रामीण स्वच्छता में उचित तकनीक, जैविक कचरा प्रबंधन तथा निवारक स्वच्छता हैं। इसका मुख्य विषय गांधीजी का “स्वच्छ एवं स्वावलंबी संकुल” था। इस सम्मेलन का समापन सेवाग्राम आश्रम की यात्रा के साथ हुआ, इया यात्रा का उद्देश्य गांधीजी के जीवन से अनुभव प्राप्त करना था।

9. 25वें DST-CII टेक्नोलॉजी शिखर सम्मेलन 2019 में पार्टनर देश कौन होगा?

उत्तर – नीदरलैंड
नीदरलैंड 25वें DST-CII टेक्नोलॉजी शिखर सम्मेलन 2019 का पार्टनर देश होगा। इसकी घोषणा हाल ही में केन्द्रीय विज्ञान व तकनीक, पृथ्वी विज्ञान , पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. हर्षवर्धन सिंह ने की। उन्होंने स्वास्थ्य उपकरण, शहरी जल प्रणाली, बिग डाटा, इन्टरनेट ऑफ़ थिंग्स इत्यादि में भारत और नीदरलैंड के बीच अनुसन्धान सहयोग को रेखांकित किया। DST-CII टेक्नोलॉजी शिखर सम्मेलन 2019 का आयोजन विज्ञान व टेक्नोलॉजी विभाग तथा भारतीय उद्योग संघ (CII) द्वारा नीदरलैंड सरकार के साथ मिलकर किया जायेगा।

10. वित्तीय स्थिरता व विकास परिषद् (FSDC) की 19वीं बैठक किसकी अध्यक्षता में हुई?

उत्तर – अरुण जेटली
हाल ही में वित्तीय स्थिरता व विकास परिषद् (FSDC) की 19वीं बैठक केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में वैश्विक तथा घरेलु आर्थिक स्थिति व वित्तीय सेक्टर के प्रदर्शन की समीक्षा की गयी। गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थानों में तरलता के अलावा FSDC की बैठक में विभिन्न आर्थिक मुद्दों जैसे तेल की कीमतों, रूपए, वित्तीय क्षेत्र में साइबर सुरक्षा इत्यादि पर चर्चा की गयी। इस बैठक में वित्तीय क्षेत्र के लिए कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पोंस टीम की स्थापना पर भी विचार-विमर्श किया गया। FDSC वित्तीय स्थिरता, वित्तीय क्षेत्र विकास तथा अर्थव्यवस्था के नियमन के लिए सर्वोच्च संस्था है।

No comments: